सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश
सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश
देहरादून।जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और अनधिकृत डंपिंग पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि कार्रवाई केवल प्लास्टिक इस्तेमाल करने वालों तक सीमित न रहे, बल्कि उत्पादन, भंडारण, सप्लाई और वितरण की पूरी चेन को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संबंधित औद्योगिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण कर प्लास्टिक निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल, स्टॉक, उत्पादन क्षमता और वितरण की रिपोर्ट मांगी। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी एसडीएम को अनधिकृत डंपिंग साइट और बल्क वेस्ट जनरेटर चिन्हित करने तथा वहां जमा प्लास्टिक कचरे का तत्काल नियमानुसार निस्तारण कराने को कहा।
नगर निगम और नगर निकायों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए चेकिंग और सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। देहरादून नगर निगम के सभी 100 वार्डों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को अनधिकृत डंपिंग साइट चिन्हित करने के साथ जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ चालान समेत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की समस्या का स्थायी समाधान कार्रवाई के साथ-साथ लोगों के व्यवहार में बदलाव और वैकल्पिक उत्पादों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने से ही संभव है।

