30 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए रईस अहमद, सूचना विभाग ने दी भावभीनी विदाई
30 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए रईस अहमद, सूचना विभाग ने दी भावभीनी विदाई
महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने दीर्घकालीन सेवाओं की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की
देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में लगभग 30 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विभाग की ओर से आयोजित विदाई समारोह में महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने रईस अहमद के लंबे सेवाकाल, कार्य के प्रति निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी विभागीय व्यवस्था की मजबूत कड़ी होते हैं। रईस अहमद ने करीब तीन दशकों तक पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। उनका सेवाकाल अन्य कार्मिकों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन व्यक्ति का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति योगदान हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने रईस अहमद के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं रईस अहमद के परिजन उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके सुखद भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह का माहौल आत्मीय एवं भावुक रहा। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने रईस अहमद को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस अवसर पर सूचना कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कैलाश रावत, उपाध्यक्ष प्रशांत रावत, संजय कुमार, महामंत्री अंकित चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार धीमान और संयुक्त मंत्री पारूल चौधरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

