अमित शाह की जनसभा और धनतेरस को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई रूट डायवर्ट; पार्किंग के लिए भी बदली व्यवस्था

0
FB_IMG_1793925899234

अमित शाह की जनसभा और धनतेरस को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई रूट डायवर्ट; पार्किंग के लिए भी बदली व्यवस्था

देहरादून। राजधानी देहरादून में 6 नवंबर (शुक्रवार) को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। साथ ही जनसभा में आने वाली बसों और निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन

जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा और लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहनों को एमकेपी के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं आराघर से ईसी रोड जाने वाले वाहन सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड से गुजरेंगे।

जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग रूट

हरिद्वार और ऋषिकेश: रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर, सर्वे चौक और रोजगार तिराहे होते हुए पानी की टंकी के पास ड्रॉप की व्यवस्था रहेगी। बसें बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी: पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने ड्रॉप किया जाएगा। पार्किंग बन्नू स्कूल में होगी।

सहस्रधारा और रायपुर: सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने ड्रॉप की व्यवस्था रहेगी। बसें गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।

विकासनगर, चकराता और सहसपुर: किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर, ओरिएंट चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने ड्रॉप किया जाएगा। बसों की पार्किंग गुरुद्वारा ग्राउंड में होगी।

VIP और सामान्य वाहनों के लिए पार्किंग

वीआईपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था रहेगी। बसों के लिए बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड और गुरु नानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग निर्धारित की गई है।

पुलिस लाइन के आसपास भी बदलेगी यातायात व्यवस्था

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक जीरो जोन रहेगा। नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं बन्नू चौक से नेगी तिराहे की ओर जाने वाले वाहन गुरुनानक और सूरी चौक से होकर गुजरेंगे।

धनतेरस पर बाजारों के लिए विशेष पार्किंग

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में वाहन पार्क करेंगे।

नेहरू कॉलोनी आने वाले लोग जीएसटी ऑफिस के दोनों ओर लिंक रोड पर पार्किंग कर सकेंगे।

रिस्पना क्षेत्र के लोग राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास वाहन पार्क करेंगे।

प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड में पार्किंग रहेगी।

रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वाले लोग मालदेवता रोड पर वाहन पार्क करेंगे।

पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की एंट्री बंद

धनतेरस के मद्देनजर पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी में यातायात दबाव बढ़ने पर वाहनों के लिए जीरो जोन लागू रहेगा। लोडिंग वाहन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक पलटन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

विक्रम और सिटी बसों के रूट में बदलाव

जनसभा और धनतेरस के दौरान विक्रम एवं सिटी बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। एक नंबर विक्रम ओरिएंट चौक तक, दो नंबर विक्रम सर्वे चौक तक और पांच व आठ नंबर विक्रम तहसील चौक तक ही संचालित होंगे। वहीं तीन नंबर विक्रम के लिए धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए रूट निर्धारित किया गया है।

राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया ड्रॉप-पिकअप प्वाइंट ओरिएंट चौक और डोईवाला व सहस्रधारा जाने वाली बसों का प्वाइंट रेंजर्स ग्राउंड रहेगा। यातायात दबाव के अनुसार अन्य मार्गों पर भी डायवर्जन लागू किया जाएगा।

नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना

यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज सहित कुछ पार्किंग स्थल दोपहर 3 बजे से उपलब्ध होंगे।

पुलिस की आमजन से अपील

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धनतेरस और जनसभा के दौरान अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल न करें। अधिक से अधिक दोपहिया वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और संभव हो तो स्थानीय बाजारों से खरीदारी करें।

पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने की अपील की है। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है। एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी प्रकार से नहीं रोका जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *