उत्तराखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने सीएम धामी को भेजा बधाई संदेश, विकास यात्रा की जमकर की सराहना
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने सीएम धामी को भेजा बधाई संदेश, विकास यात्रा की जमकर की सराहना
पीएम मोदी बोले- 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा
चारधाम परियोजना से लेकर सीमावर्ती गांवों के विकास तक का किया उल्लेख
देहरादून। उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में उत्तराखंड की विकास यात्रा, उपलब्धियों और बदलते स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के लोगों का परिश्रम, सामर्थ्य और संकल्प इस संकल्पना को साकार कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने पत्र में उत्तराखंड के साथ अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा केदार के चरणों में उन्होंने कुछ वर्ष पहले उत्तराखंड के दशक होने की बात कही थी। आज प्रदेश में हो रहे विकास कार्य और जनता का उत्साह इस विश्वास को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार सभी क्षेत्रों के समान विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। पिछले एक दशक में उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी में व्यापक बदलाव आया है। कभी दुर्गम माने जाने वाले क्षेत्र अब बेहतर सड़क, रेल और हवाई सुविधाओं से जुड़ रहे हैं।
चारधाम परियोजना और कनेक्टिविटी का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इसके साथ ही 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और हवाई सेवाओं के विस्तार को प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
उन्होंने देहरादून एयरपोर्ट के विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के संचालन और पंतनगर एयरपोर्ट के विकास का भी उल्लेख किया।
धार्मिक पर्यटन और सीमावर्ती गांवों के विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से संचालित मास्टर प्लान के कार्यों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। हजारों होमस्टे के माध्यम से स्थानीय परिवारों को रोजगार और आय के नए अवसर मिल रहे हैं।
सीमावर्ती गांवों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये गांव देश की सुरक्षा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से इन क्षेत्रों में पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री का यह बधाई संदेश उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, राज्य की उपलब्धियों और आने वाले समय में प्रदेश की संभावनाओं के प्रति केंद्र सरकार के विश्वास को भी रेखांकित करता है।

