मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली में उत्तराखण्ड पवेलियन का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली में उत्तराखण्ड पवेलियन का किया शुभारंभ
स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर दिया जोर
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर आयोजित उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं उत्पादकों से बातचीत की और उनके उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों एवं हस्तशिल्प की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पाद हमारी सांस्कृतिक पहचान होने के साथ ही स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इससे प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं। स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी दिशा में उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी और युवाओं एवं महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे सभी कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ ही राज्य को आर्थिक एवं व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

