क्राइम

कोटद्वार में महिला ने साहस दिखाते हुए गुलदार से बचाई अपनी जान

कोटद्वार।दुगड्डा क्षेत्र से सटे जयहरीखाल ब्लॉक के बांसी गांव में गुलदार ने खेतों में काम करने के लिए जा रही एक महिला पर हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला ने साहस दिखाते हुए दोबारा हमला करने आए गुलदार को धक्का दे दिया और शोर मचाया। अन्य महिलाओं ने भी शोर मचाया तो गुलदार भाग गया। महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर कर दिया गया।

बांसी गांव निवासी पुष्पा देवी (52) पत्नी गजेंद्र सिंह शुक्रवार शाम को घर से गांव की अन्य महिलाओं के साथ खेतों में काम करने जा रही थी। घर से करीब 100 मीटर दूर अचानक गुलदार ने पुष्पा देवी पर हमला कर दिया जिससे वह नीचे खेत में गिर गई। अचानक हुए हमले से पहले तो वह सकपका गई फिर उसने हिम्मत दिखाते हुए दोबारा हमला करने आए गुलदार को जोर से धक्का दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। पुष्पा देवी के आगे चल रही महिलाएं भी शोर मचाते हुए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ीं। शोर सुनकर गुलदार वहां से भाग गया। महिलाएं और आसपास के लो ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा जाए जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर कर दिया है।

डॉ. मोना ने बताया कि पुष्पा देवी के पैर व कंधे पर गहरे जख्म आए हैं। पैर फ्रैक्चर हुआ है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ाने की मांग की। सूचना पर वन विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला से घटना की जानकारी ली। दुगड्डा के रेंजर प्रमोद डोबरियाल ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *