उत्तराखंड

गुड़ न्यूज-धनोल्‍टी में सीजन की पहली बर्फबारी

देहरादून।उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद शनिवार को चौथे दिन भी वर्षा-बर्फबारी का क्रम जारी रहा। चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात हुआ। जबकि, निचले इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्द हवाओं से समूचे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई।

देहरादून में शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक बारिश का दौर जारी रहा। वहीं धनोल्‍टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात भी हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल गए। इसके बाद आज शनिवार को धनौल्‍टी में पर्यटकों का जमावड़ा लगने की संभावना है।

उत्तरकाशी में गंगोत्री, यमुनोत्री हर्षिल घाटी, सांकरी, जखोल, गंगाड, दयारा बुग्याल सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को बर्फबारी हुई। वहीं उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी होती रही।

आज से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज से अगले कुछ दिन शुष्क मौसम के बीच मैदानों में घना कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा सकता है। इस दौरान शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में बीते तीन दिनों से चोटियों पर रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। चारधाम समेत हेमकुंड साहिब, औली, हर्षिल व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *