CM धामी ने देश में जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दी
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश में जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इंटरनेट मीडिया में अपनी पोस्ट में शिखर सम्मेलन के आलोक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को पूरे विश्व ने देखा। नई दिल्ली घोषणा पत्र पर सभी सदस्य देशों की सहमति बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की धरती से ही अफ्रीकी यूनियन को भी जी-20 का नया सदस्य बनाने की घोषणा की गई। आर्थिक विकास के भारतीय एजेंडे पर सदस्य देशों द्वारा मुहर, प्रधानमंत्री मोदी के कुशल व मजबूत नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाई है।
सनातन के उद्घोष वसुधैव कुटुंबकम और भारतीय संस्कृति व समृद्धशाली विरासत को भी पूरे विश्व ने देखा। पूरे विश्व के कल्याण का चिंतन इस सम्मेलन का आधार है और प्रधानमंत्री मोदी के कुशल निर्देशन में यह पूरी तरह सफल रहा है।