उत्तराखंड

श्रीनगर में अलकनंदा किनारे कूड़ा डाले जाने व आग लगाने के विरोध में प्रदर्शन

श्रीनगर। नगर निगम का कूड़ा अलकनंदा नदी किनारे डाले जाने एवं कूड़े पर आग लगाए जाने से हो रहे प्रदूषण के विरोध में स्थानीय लोगों ने नगर निगम परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि डंप किए जा रहे कूड़े में रोज आग लगाए जाने से मोहल्ले के लोगों को सांस लेने की दिक्कत व प्रदूषण से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने यहां तत्काल रूप से कूड़ा डंपिंग किए जाने पर रोक लगाए जाने की मांग की।

शनिवार को नगर निगम कार्यालय में पहुंचे स्थानीय निवासी आनंद सिंह भंडारी, प्रताप सिंह चौहान, अजय घिल्डियाल ने कहा कि अलकनंदा नदी किनारे नियम विरुद्ध कूड़ा डंप किया जा रहा है। इससे दुर्गंध व दूषित हवा फैलने से अल्केश्वर मंदिर, नर्सरी रोड, तिवाड़ी मोहल्ला, कमलेश्वर मोहल्ला, कंसमर्दिनी मोहल्ला के लोग परेशान हैं। इससे अलकनंदा भी प्रदूषित हो रही है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम को गिरीगांव के नजदीक कोटी-कमेड़ा में कूड़ा डंपिंग के लिए पूर्व में भूमि आवंटित हो रखी है। बावजूद नगर निगम कूड़ा व गंदगी को अलकनंदा किनारे डंप कर रहा है। स्थानीय लोग कई बार विरोध कर चुके हैं, बावजूद स्थिति जस की तस बनी है। विरोध करने वालों में मधु घिल्डियाल, दिगंबर सिंह, महेश बिष्ट, विवेक घिल्डियाल, धर्मेंद्र शर्मा, विनोद घिल्डियाल, देवी प्रसाद गोदियाल, दिनेश राठौड़, सोहन कश्यप, अरुण नेगी, महेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *