CM पुष्कर चुनावी राह को आसान बनाने में जुटे
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपनी चुनावी राह को आसान बनाने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही उनकी नजर अपने उपचुनाव की तैयारी पर है। इसी रणनीति के तहत उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपना पहला राजनीतिक दौरा भी चंपावत का ही किया। उनके इस दौरे से ही सियासी हलकों में उनके चंपावत से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।
चंपावत उपचुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा समर में अपने मोहरे फिट करने में जुटी है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार चंपावत में डेरा जमा चुके हैं और जल्द ही पार्टी के कई दिग्गजों के मोर्चे पर उतरने के आसार हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक कहते हैं, जल्द ही पार्टी अपने प्रत्याशी का नाम की औपचारिक घोषणा कर देगी।
पार्टी उपचुनाव को लेकर पहले से ही तैयारी में है। पार्टी उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतेंगे। पार्टी की तैयारी के सवाल पर कौशिक का कहना है कि हमारी पूरी तैयारी है। पार्टी के कार्यकर्ता पहले ही वहां मोर्चा संभाल चुके हैं। पार्टी स्तर पर एक कमेटी का गठन किया जा चुका है, जो अपने काम में जुट गई है।

