सीएम के निर्देश पर जिले के 76 जर्जर स्कूल भवन ध्वस्त होंगे
सीएम के निर्देश पर जिले के 76 जर्जर स्कूल भवन ध्वस्त होंगे
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने बच्चों की जान के लिए खतरा बने जर्जर विद्यालय भवनों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने वर्षों से खराब हालत में पड़े स्कूल भवनों को निष्प्रोज्य घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
डीएम की सख्ती का असर यह रहा कि मात्र 10 दिनों में 100 विद्यालयों के जर्जर भवनों की रिपोर्ट तैयार कर ली गई। लोक निर्माण विभाग को पूर्ण एवं आंशिक रूप से निष्प्रोज्य भवनों के एस्टिमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 79 विद्यालय भवन पूर्णतः जर्जर पाए गए हैं, जिनमें 13 माध्यमिक और 66 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। इनमें से 63 स्कूलों में बच्चों के लिए वैकल्पिक पठन-पाठन की व्यवस्था कर दी गई है, जबकि 16 विद्यालयों में जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त 17 विद्यालय भवन आंशिक रूप से निष्प्रोज्य घोषित किए गए हैं तथा 8 विद्यालयों में ध्वस्तीकरण की आवश्यकता नहीं पाई गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी हालत में बच्चों को जोखिमपूर्ण भवनों में पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जहां वैकल्पिक व्यवस्था शेष है, वहां पहले व्यवस्था कर भवन गिराए जाएंगे। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पूर्ण करने की बात कही है।

