देहरादून की सड़कों पर पीडब्ल्यूडी का बड़ा अभियान, प्रमुख अभियन्ता ने संभाली कमान
देहरादून की सड़कों पर पीडब्ल्यूडी का बड़ा अभियान, प्रमुख अभियन्ता ने संभाली कमान
गड्ढामुक्त देहरादून के लिए एक्शन मोड में पीडब्ल्यूडी, प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
देहरादून। वर्षा ऋतु के दौरान देहरादून शहर की सड़कों पर बने पैच एवं गड्ढों (पॉटहोल्स) का संज्ञान लेते हुए गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियन्ता एवं मुख्य अभियन्ता, देहरादून जोन ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियन्ता राजेश कुमार शर्मा ने यमुना कॉलोनी से बल्लूपुर, बल्लूपुर से कौलागढ़ रोड, कौलागढ़ से किशनपुर चौक, घंटाघर से दिलाराम रोड, कैनाल रोड, नागल रोड, ओल्ड मसूरी रोड, कुठाल गेट से मसूरी रोड, पिक्चर पैलेस रोड, स्नोव्यू, बार्लोगंज एवं झड़ीपानी रोड सहित अनेक प्रमुख मार्गों का जायजा लिया।

वहीं मुख्य अभियन्ता दयानन्द देहरादून जोन ने सहस्त्रधारा आईटी पार्क मार्ग, किरसाली मार्ग, जोगीवाला-लाडपुर मार्ग तथा रायपुर रोड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कैनाल रोड एवं सहस्त्रधारा रोड पर इंटरलॉकिंग टाइल्स से किए जा रहे पैचवर्क को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने, सड़क किनारे नालियों को खुला रखने, झाड़ी कटान तथा अन्य अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वर्षा ऋतु में नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी आवश्यक अनुरक्षण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता इं. राजेश कुमार एवं अधिशासी अभियन्ता इं. भृगुनाथ द्विवेदी सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

