कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं का मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मान, बोले– उत्तराखण्ड के खिलाड़ी देश का बढ़ा रहे मान

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं का मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मान, बोले– उत्तराखण्ड के खिलाड़ी देश का बढ़ा रहे मान

ग्लासगो 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को किया सम्मानित, खेल अवसंरचना और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखण्ड का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।

सम्मानित होने वालों में पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रजत पदक विजेता, रुड़की), जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (कांस्य पदक विजेता, देहरादून), शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत (पौड़ी), उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चन्द्र शर्मा एवं पुनेश कुमार सिंह (देहरादून) तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानन्द बेलवाल (हल्द्वानी) शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और वर्षों की सतत साधना होती है, इसलिए प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने के उद्देश्य से आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण तथा प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेल नीति को और अधिक प्रभावी बनाते हुए अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति तथा विशेष प्रशिक्षण सुविधाओं की व्यवस्था की है। महिला खिलाड़ियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खेलों को रोजगार, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास से जोड़ते हुए राज्य में खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षकों के क्षमता विकास तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे तथा उत्तराखण्ड के युवा खेलों के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर खिलाड़ियों के साथ खड़ी है और उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed