तमकनाला में बेली ब्रिज बहा, एक व्यक्ति और कैंपर के बहने की सूचना; सीएम धामी ने लिया तत्काल संज्ञान
तमकनाला में बेली ब्रिज बहा, एक व्यक्ति और कैंपर के बहने की सूचना; सीएम धामी ने लिया तत्काल संज्ञान
चमोली। जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अत्यधिक जलप्रवाह के कारण बेली ब्रिज बहने की घटना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से घटना की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
घटना में नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना है। सूचना मिलते ही SDRF और NDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग भी राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित गांवों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से ग्रामीणों तक जरूरी सामान पहुंचाने को कहा गया है।
सुरक्षा के दृष्टिगत ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने और मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग पर यात्रा न करने की अपील की है।
