निगम-निकायों के दैनिक, संविदा व उपनल कार्मिकों के नियमितीकरण समेत दस सूत्रीय मांगों पर सीएम धामी से मिला महासंघ
निगम-निकायों के दैनिक, संविदा व उपनल कार्मिकों के नियमितीकरण समेत दस सूत्रीय मांगों पर सीएम धामी से मिला महासंघ
मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा—सभी कार्मिकों के साथ होगा न्याय, समस्याओं के समाधान के लिए जल्द होगी उच्चस्तरीय बैठक
देहरादून। सार्वजनिक क्षेत्र के निगमों, निकायों एवं उपक्रमों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा, उपनल, विशेष श्रेणी, पीटीसी सहित अन्य कार्मिकों के नियमितीकरण समेत दस सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके कैंप कार्यालय, देहरादून में मुलाकात की।
वार्ता के दौरान महासंघ ने मुख्यमंत्री के समक्ष निगमों एवं सार्वजनिक उपक्रमों में लंबे समय से लंबित विभिन्न कर्मचारी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। महासंघ ने कहा कि सार्वजनिक निगमों में बड़ी संख्या में कार्मिक पिछले 25 से 30 वर्षों से विभिन्न स्वरूपों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनके नियमितीकरण के लिए अभी तक कोई ठोस योजना नहीं बन पाई है।
महासंघ ने नियमितीकरण के साथ-साथ शिथिलीकरण तथा अन्य लंबित मांगों का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर महासंघ लंबे समय से शासन के समक्ष मांग करता रहा है, लेकिन अधिकांश प्रकरण अभी भी लंबित हैं। महासंघ ने सार्वजनिक उद्योग विभाग से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किए जाने की मांग की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महासंघ के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी कार्मिकों के साथ न्याय किया जाएगा। उन्होंने प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु को निर्देश दिए कि राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित प्रबंध निदेशकों एवं विभागाध्यक्षों की उच्चस्तरीय बैठक शीघ्र आयोजित कराकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वार्ता के दौरान शासन की ओर से सचिव एस. राजेश, शैलेश बगौली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं महासंघ की ओर से संरक्षक बी.एस. रावत, अध्यक्ष दिनेश पंत, महासचिव श्याम सिंह नेगी तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश रमौला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
