देवीधुरा में 9.80 करोड़ की मल्टी लेवल पार्किंग को सैद्धांतिक मंजूरी, 83 कारों की होगी पार्किंग चम्पावत।
देवीधुरा में 9.80 करोड़ की मल्टी लेवल पार्किंग को सैद्धांतिक मंजूरी, 83 कारों की होगी पार्किंग
चम्पावत।
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों पर धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। चम्पावत के प्रसिद्ध देवीधुरा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या के समाधान के लिए ग्राम देचमार, तहसील पाटी में प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को विभागीय व्यय समिति ने करीब 9.80 करोड़ रुपये की औचित्यपूर्ण लागत पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। अब प्रस्ताव को वित्त विभाग को भेजा जाएगा।
राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और भूमि संबंधी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्र की वास्तविक जरूरत को देखते हुए प्रस्तावित पार्किंग की संरचना में भी बदलाव किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दोपहिया वाहनों की पार्किंग तथा दुकानों-कैफे के प्रावधान को हटाकर मुख्य रूप से कार पार्किंग पर ध्यान केंद्रित किया जाए। संशोधित प्रस्ताव में 83 कारों के लिए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
देवीधुरा चम्पावत का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र है। यहां आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बग्वाल मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मेले के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ कई बार जाम की स्थिति भी पैदा होती है।
नई मल्टी लेवल पार्किंग बनने के बाद बग्वाल मेले के साथ ही वर्षभर देवीधुरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को वाहनों की पार्किंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इससे सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग कम होने और यातायात व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद है। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बेहतर आधार मिलने की संभावना है।
