अस्पतालों में NABH अनिवार्य, तीन माह में शुरू होगा किडनी ट्रांसप्लांट

0
FB_IMG_1787078396381

अस्पतालों में NABH अनिवार्य, तीन माह में शुरू होगा किडनी ट्रांसप्लांट

देहरादून।मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने सभी सरकारी अस्पतालों को नेशनल एक्रीडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (NABH) से प्रत्यायित कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रथम चरण में सभी जिला अस्पतालों और बड़े उप जिला अस्पतालों का 31 मार्च 2027 तक NABH प्रत्यायन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रक्रिया तत्काल शुरू करने को कहा गया।

उन्होंने प्रदेश के अस्पतालों को तेजी से ई-हॉस्पिटल में परिवर्तित करने और एकीकृत स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली तत्काल लागू करने के निर्देश दिए। इसके प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और वार्षिक रखरखाव अनुबंध की व्यवस्था करने को भी कहा।

चिकित्सकों के रिक्त पद जल्द भरने के साथ ही सेवानिवृत्त चिकित्सकों की सेवाएं लेने और निजी अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को विजिटिंग डॉक्टर के रूप में जोड़ने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

सरकारी अस्पतालों में संचालित डायलिसिस सुविधा को 24×7 करने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा अगले तीन माह में शुरू करने को कहा। बैठक में बताया गया कि इसके लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार है और विशेषज्ञ की व्यवस्था भी कर ली गई है।

मुख्य सचिव ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने ऐसी व्यवस्था विकसित करने को कहा, जिससे माता-पिता को जन्म प्रमाण पत्र स्वतः उपलब्ध हो सके और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए परिजनों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। अधिक से अधिक जनसेवाओं को सेवा का अधिकार अधिनियम के दायरे में लाने के निर्देश भी दिए।

मेडिकल कॉलेजों में पर्याप्त फैकल्टी, बेहतर वार्ड व्यवस्था और सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं सुनिश्चित करने के साथ ही इवनिंग ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की सीईओ रीना जोशी, अपर सचिव रोहित मीणा, सौरभ गहरवार और महानिदेशक स्वास्थ्य सुनीता टम्टा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *