टनल हादसा: 117 घंटे बाद रेस्क्यू अभियान पूरा, सभी 22 श्रमिक बाहर निकाले गए

0
FB_IMG_1787078233664

टनल हादसा: 117 घंटे बाद रेस्क्यू अभियान पूरा, सभी 22 श्रमिक बाहर निकाले गए

चमोली।चमोली के हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त की शाम पानी का रिसाव और भूस्खलन होने के बाद शुरू किया गया खोज एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। 117 घंटे से अधिक चले अभियान में टनल में फंसे एवं लापता सभी 22 श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया।

अभियान में 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाला गया, जबकि 10 श्रमिकों की मौत हो गई। पहले दिन 19 श्रमिकों को बाहर निकाला गया, जिनमें 12 घायल और 7 मृत श्रमिक शामिल थे। इसके बाद 15 अगस्त को एक तथा अंतिम दिन 18 अगस्त को दो श्रमिकों के शव बाहर निकाले गए।

जिला प्रशासन की निगरानी में चले अभियान में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, डीडीआरएफ, सीआईएसएफ, टीएचडीसी, पुलिस सहित विभिन्न एजेंसियों की टीमें लगातार जुटी रहीं। टनल से पानी निकालने, मलबा हटाने और फंसी मशीनरी को बाहर निकालने के साथ संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया गया।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी करते हुए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से दिन-रात अभियान जारी रखा। बाहर निकाले गए घायल श्रमिकों को तत्काल चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
रेस्क्यू अभियान के सफल समापन के साथ टनल में फंसे सभी प्रभावित श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *