केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की सचिव ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की सचिव ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में केदारनाथ धाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए राज्य सरकार लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। इसी क्रम में प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने बुधवार को जनपद रुद्रप्रयाग में संचालित केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअल माध्यम से विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही यात्रा के दौरान सामने आ रही चुनौतियों और उनके त्वरित समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्ग एवं प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। जनपद में पेयजल और विद्युत आपूर्ति से संबंधित कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। संबंधित विभागों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक सभी व्यवस्थाएं प्रभावी बनाए रखी जाएं। यात्रियों की सुविधा से जुड़ी छोटी से छोटी समस्या का भी तत्काल संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हैं, हालांकि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुछ कमी महसूस की जा रही है। जिला प्रशासन ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की अतिरिक्त तैनाती का अनुरोध किया। प्रभारी सचिव ने बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों एवं अन्य पशुओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पशुओं के स्वास्थ्य, संचालन एवं कल्याण से जुड़े निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन कराया जाए और उनके साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

प्रभारी सचिव ने यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा राज्य की महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में शामिल है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *