किसानों के लिए डिजिटल सहायक बना ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
किसानों के लिए डिजिटल सहायक बना ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर किसानों तक कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं आसानी से पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म किसानों को समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही कृषि क्षेत्र को अधिक तकनीक-सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह तथा एआई आधारित फसल रोग पहचान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी, परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाओं को भी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। समिति के अनुसार, एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से श्रीमती कमला डबराल, श्री राजेश डबराल, श्री अंशुल, श्री प्रांजल नौडियाल एवं सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे।
