यूपीसीएल एमडी पी. सी. ध्यानी ने विद्युत वितरण व्यवस्था का लिया जायजा

0
IMG-20260905-WA0013

यूपीसीएल एमडी पी. सी. ध्यानी ने विद्युत वितरण व्यवस्था का लिया जायजा

अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने और लाइनों-ट्रांसफार्मरों की नियमित निगरानी के दिए निर्देश

विकासनगर। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक (एमडी) प्रकाश चंद ध्यानी ने शुक्रवार को विकासनगर, सहसपुर, डाकपत्थर, ढकरानी और कुल्हाल क्षेत्रों का दौरा कर विद्युत वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा वितरण नेटवर्क की व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली।

निरीक्षण के दौरान एमडी ने अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच एवं निगरानी आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।

एम.डी. प्रकाश चंद ध्यानी ने अधिकारियों से क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और उपभोक्ताओं की शिकायतों की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, विद्युत उपकरणों और वितरण नेटवर्क के रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

एमडी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही विद्युत जरूरतों को देखते हुए यूपीसीएल की ओर से वितरण व्यवस्था के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर लगातार काम किया जा रहा है। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत नेटवर्क को मजबूत करने, क्षमता बढ़ाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पर लगातार नजर रखने तथा संभावित समस्याओं का पहले से आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता युद्धवीर सिंह तोमर, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *