बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और संदेश से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखे मुख्यमंत्री धामी
बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और संदेश से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखे मुख्यमंत्री धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, श्री प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीब करौरी बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है तथा समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि होने के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। बाबा नीब करौरी महाराज का कैंची धाम आज देश-विदेश में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि संतों के जीवन और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ भक्ति, सेवा, प्रेम और मानव कल्याण की भावना को केंद्र में रखती है। फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी महाराज की आध्यात्मिक यात्रा तथा उनके जीवन से जुड़े ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं एवं पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होती हैं।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन श्री विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में श्री शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई थी।
