श्रीनगर में धूमधाम से मनाया गया इंजीनियर्स डे, 18 इंजीनियरों ने किया रक्तदान
श्रीनगर में धूमधाम से मनाया गया इंजीनियर्स डे, 18 इंजीनियरों ने किया रक्तदान
श्रीनगर। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ शाखा श्रीनगर एवं कीर्तिनगर की ओर से मंगलवार को भारत रत्न से सम्मानित महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर इंजीनियर्स डे मनाया गया। अदिति वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इं. अरुण कुमार बहुगुणा, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई श्रीनगर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अभियांत्रिकी क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया। इं. रक्षा रावत नयाल ने विश्वेश्वरैया की जीवनी का वाचन किया और देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महासंघ की शाखा ने डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की नींव रखने वाले अभियंताओं को भी याद किया। इं. आर.के. दत्त की जीवनी का वाचन इं. आरती रावत खंडूरी ने, जबकि इं. ध्यान प्रकाश राय की जीवनी का वाचन इं. अरुण राणा ने किया। वक्ताओं ने जनपद के अभियांत्रिकी क्षेत्र में उनके योगदान और महत्वपूर्ण कार्यों को स्मरण किया।
समारोह के बाद डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के सदस्यों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में भी योगदान दिया। बेस अस्पताल, श्रीकोट में आयोजित रक्तदान शिविर में 18 सदस्यों ने रक्तदान किया। इसके अलावा महासंघ के अन्य सदस्यों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए तथा कुष्ठालय में राशन और अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम का संचालन इं. आशीष शाह ने किया। शाखा अध्यक्ष इं. मयंक शैली एवं इं. विपिन जेल्टा द्वारा गठित समितियों के अनुसार कार्यक्रम संपन्न कराया गया। समारोह में इं. पूजा नेगी, इं. अभिषेक चौधरी, इं. शिवम कुमार, इं. रवीन्द्र गंगाड़ी, इं. एस.सी. भट्ट और इं. ललित मोहन कुडियाल समेत महासंघ के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
महासंघ के वरिष्ठ सदस्यों ने बताया कि आगामी समय में संगठन की ओर से सायंकालीन सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंजीनियर्स डे को सभी इंजीनियर मिलकर एक त्योहार की तरह मनाएंगे।

