जल संस्थान के 175 उपनल कर्मियों ने थामा कर्मचारी संघ का दामन
जल संस्थान के 175 उपनल कर्मियों ने थामा कर्मचारी संघ का दामन
समान कार्य के लिए समान वेतन मिलने पर कर्मचारी संघ पदाधिकारियों का भव्य अभिनंदन
देहरादून, 19 सितंबर। उत्तराखंड जल संस्थान में कार्यरत उपनल कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन अनुमन्य होने पर जल संस्थान कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रदेशभर की विभिन्न शाखाओं से पहुंचे 175 उपनल कर्मचारियों ने विधिवत सदस्यता फार्म भरकर उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संघ की सदस्यता ग्रहण की।
जल संस्थान मुख्यालय स्थित जल भवन, नेहरू कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह तथा संघ के संरक्षक गजेंद्र कपिल, महामंत्री नंदलाल जोशी, भूपेंद्र सिंह चौहान समेत अन्य पदाधिकारियों का उपनल कर्मियों ने शॉल और माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम संयोजक अजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिलाने की दिशा में कर्मचारी संघ और जल संस्थान प्रबंधन द्वारा किए गए प्रयासों के लिए आभार जताया। सह संयोजक अमित पांडेय ने कहा कि समान कार्य के लिए समान वेतन का रास्ता आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने प्रबंधन से वार्ता कर उपनल कर्मियों की पुनः परीक्षा की शर्त हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संघ के संरक्षक गजेंद्र कपिल ने कहा कि कर्मचारी चाहे नियमित हो, संविदा या अंशकालिक, कर्मचारी संघ किसी भी कर्मचारी का शोषण नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि संगठन ने पूर्व में भी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मामलों में संघर्ष किया है। उन्होंने उपनल कर्मियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान करते हुए हर परिस्थिति में सहयोग का भरोसा दिया।
महामंत्री नंदलाल जोशी ने समारोह के आयोजन के लिए उपनल कर्मियों का आभार जताया और कर्मचारी संघ की सदस्यता लेने वाले सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक सदस्य का सम्मान रखा जाएगा और कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों को पूरी तत्परता के साथ उठाया जाएगा।
मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह ने उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन अनुमन्य होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जल संस्थान परिवार की बेहतरी के लिए न्यायसंगत कदम उठाना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे उनसे सीधे संवाद कर सकते हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय भंडार देहरादून, जल संस्थान मुख्यालय, देवप्रयाग, चमोली, टिहरी, घनसाली, पित्थूवाला, पुरोला, उत्तर एवं दक्षिण शाखा, विकासनगर, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, उत्तरकाशी, रायपुर तथा अनुरक्षण खंड देहरादून की सहसपुर और हर्बटपुर इकाइयों समेत विभिन्न शाखाओं के कर्मचारियों ने कर्मचारी संघ की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर गजेंद्र कपिल, नंदलाल जोशी, दाताराम रयाल, गिरीश जोशी, प्रेम सिंह रावत, कुनाल शर्मा, दिनेश कुमार, ललित, भूपेंद्र सिंह चौहान, अवनीश शर्मा, आदेश कुमार, मनोज कुमार, विनीत शर्मा, अमजद खान, अजय शर्मा, अमित पांडेय, विकास कंडवाल, विशाल प्रजापति, सुधीर कुमार, हरीश कुमार, आशीष यादव समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विमल भंडारी ने की और संचालन भी उन्होंने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कर्मचारी संघ को भविष्य में भी सहयोग और मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद जताई।

