रोजगार की जरूरतों के अनुरूप तैयार होगा स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

0
FB_IMG_1792209689565

रोजगार की जरूरतों के अनुरूप तैयार होगा स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

जनपदवार कौशल विकास योजना तैयार कर पोर्टल पर होगी अपलोड, उद्योगों की जरूरतों के अनुसार युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उद्योग जगत और निजी प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान तैयार करने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य एवं जनपद स्तर पर रोजगार की संभावनाओं और कौशल विकास की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी जनपदों के डिस्ट्रिक्ट स्किल डेवलपमेंट प्लान शीघ्र तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना तैयार करते समय जनपदों में रोजगार की संभावनाओं, उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं और विभिन्न क्षेत्रों में कौशल की मांग का आकलन किया जाए। जिन क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं हैं, लेकिन आवश्यक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें चिह्नित कर नए कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरतों और प्रशिक्षण संस्थानों में दिए जा रहे प्रशिक्षण के बीच के अंतर को दूर करना जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक क्षेत्र में रोजगार के अवसरों और प्रशिक्षण लक्ष्यों का आकलन कर प्रभावी योजना बनाई जाए। साथ ही, उभरते हुए कौशल क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और इस संबंध में सेतु आयोग के अध्ययन का उपयोग करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक रोजगारपरक बनाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आकलन के साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने को भी कहा।

बैठक में सचिव श्री सी. रविशंकर, श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव श्री मनुज गोयल, श्री रोहित मीणा, श्री नवनीत पाण्डे, श्रीमती अनुराधा पाल, श्री नरेन्द्र सिंह भण्डारी, अध्यक्ष भारतीय उद्योग संघ (उत्तराखण्ड) श्री संजय अग्रवाल, निदेशक सीआईआई (यूके) श्री गौरव लांबा तथा बजाज इंजीनियरिंग स्किल्स ट्रेनिंग सेंटर के डॉ. सचिन शर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *