मुख्यमंत्री धामी ने राज्यपाल गुरमीत सिंह को दी विदाई

0
FB_IMG_1792206883070

मुख्यमंत्री धामी ने राज्यपाल गुरमीत सिंह को दी विदाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के सफल कार्यकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड के विकास, जनकल्याण, शिक्षा, युवा प्रोत्साहन और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी आवश्यकताओं को करीब से समझा। उन्होंने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, राष्ट्रसेवा और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रति भी उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय रही।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा, वीर सैनिकों के त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को राज्यपाल ने सदैव विशेष सम्मान दिया। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना जागृत करने के प्रयास सराहनीय रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश सरकार, प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया। उनका सौम्य व्यक्तित्व, सरल व्यवहार, आत्मीयता और उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल भावी जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रति उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *