विश्व बैंक पोषित योजनाओं को लेकर गंभीर नहीं जल संस्थान, अस्थाई अधिशासी अभियंता के भरोसे करोड़ो की योजनायें
देहरादून। उत्तराखंड में विश्व बैंक पोषित कई परियोजनायें संचालित हो रही है। जिनका बड़ी संख्या में राज्य के लोगों को लाभ मिल रहा है। यही नहीं 1000 करोड़ रूपये की उत्तराखण्ड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना को भी विश्व बैंक द्वारा मंजूरी दे दी गई है। यह परियोजना जलागम विभाग द्वारा क्रियान्नवित की जायेगी। आपको बता दें वर्ल्ड बैंक पोषित योजनायें राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रही हैं।
विकासपरख योजनाओं को लेकर सरकार व संबधित विभाग कितना गंभीर है इसको राजधानी देहरादून स्थित वर्ल्ड बैंक के डिवीजन से समझा जा सकता है। इस डिवीजन में स्थाई अधिशासी अभियंता तक नहीं है। यहां विभाग अस्थाई अभियंता से काम चला रहा है।
देहरादून वर्ल्ड बैंक डिवीजन की अतिरिक्त जिम्मेदारी जिस अभियंता को दी गई है उनके पास पहले से ही देहरादून शहरी क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता की जिम्मेदारी है। यानि साहब पहले से ही काम के बोझ के तले दबे हुए हैं। ऐसे में वह वर्ल्ड बैंक पोषित योजनाओं के लिए कितना समय निकाल पाते होंगे इसका अनुमान आप स्यंम लगा सकते हैं।