राजनीति

आज राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी द्रौपदी मुर्मू, 21 तोपों की दी जाएगी सलामी

दिल्ली।द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को शपथ ग्रहण करने वाली देश की 10वीं राष्ट्रपति होंगी। छठे राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी ने 25 जुलाई, 1977 को शपथ ली थी। तब से ज्ञानी जैल सिंह, आर वेंकटरमण, शंकर दयाल शर्मा, केआर नारायणन, एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल, प्रणब मुखर्जी और राम नाथ कोविन्द ने इसी तिथि को राष्ट्रपति पद की शपथ ली। पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने 26 जनवरी, 1950 को शपथ ली थी। 1952 में उन्होंने पहला राष्ट्रपति चुनाव जीता। उन्होंने दूसरा राष्ट्रपति चुनाव भी जीता और मई 1962 तक इस पद पर रहे। सर्वपल्ली राधाकृष्णन देश के दूसरे राष्ट्रपति थे। उन्होंने 13 मई, 1962 को पद की शपथ ली थी।

मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की शख्सियत होंगी। प्रतिभा पाटिल के बाद मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। गृह मंत्रालय ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद उनका संबोधन होगा। समारोह से पहले, रिटायर हो रहे राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द और निर्वाचित राष्ट्रपति मुर्मू संसद पहुंचेंगी। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख अधिकारी समारोह में भाग लेंगे।

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी। प्रधान न्यायाधीश एनवी रमणा उनको राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह करीब 10.15 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में होगा। मुर्मू का राष्ट्रपति बनना कई लिहाज से ऐतिहासिक अवसर होगा। आजादी के 75वें साल में देश का सर्वोच्च पद पहली बार आदिवासी समुदाय के किसी व्यक्ति को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *