अंतर्राष्ट्रीय

स्‍वतंत्रता दिवस के मौके पर रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने दी बधाई

मास्‍को।भारत अपनी आजादी के 75 साल पूरा होन का जश्‍न मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 76वें स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित किया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को 76वें स्वतंत्रता के मौके पर भारतीय नेतृत्व और भारतीय आवाम को बधाई दी।

पुतिन ने इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी को भी बधाई दी। उन्‍होंने रूसी भारतीय संबंधों को रेखांकित किया जो विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी की भावना से विकसित हो रहे हैं। पुतिन ने कहा- मास्को और नई दिल्ली विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक सहयोग कर रहे हैं। दोनों ही देश संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स, एससीओ और अन्य बहुपक्षीय संरचनाओं के दायरे में बेहद प्रभावी ढंग से बातचीत कर रहे हैं।

पुतिन ने दोनों देशों के नागरिकों के बीच के संबंधों की मजबूती पर जोर दिया। उन्‍होंने कहा कि मुझे यकीन है कि संयुक्त कोशिशों के जरिए हम अपने लोगों के लाभ के लिए उत्पादक अंतर्राज्यीय संबंधों की मजबूती सुनिश्चित करेंगे। रूसी राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने 12 मार्च 2021 को स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ की शुरुआत की थी। यह महोत्सव भारत के उन सेनानियों के प्रति समर्पित है, जिन्होंने भारत के विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पिछले 75 हफ्तों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

दुनिया में भारत की अहमियत को रेखांकित करते हुए पुतिन ने कहा कि कृपया… भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हार्दिक बधाई स्वीकार करें। भारत ने आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में सार्वभौमिक रूप से बड़ी कामयाबी हासिल की है जिसे दुनिया ने माना है। विश्व मंच पर भारत को बड़ी प्रतिष्ठा प्राप्त है। भारत दबाव वाले मुद्दों को हल करने में एक महत्वपूर्ण रचनात्मक भूमिका निभाता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *