उत्तराखंड

बीजेपी ने संकल्प दिवस के रूप में मनाया CM धामी का जन्मदिन

देहरादून।प्रदेशभर में शुक्रवार भाजपा कार्यकर्ताओं ने संकल्प दिवस के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन मनाया। चंपावत में भाजपा ने संकल्प दौड़ का आयोजन किया। वहीं, मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में मरीजों को मेडिकल किट वितरित की और साथ ही रुद्रपुर और काशीपुर में कार्यकर्ताओं ने गोष्ठी का आयोजन किया। जबकि, चमोली में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

चंपावत जिले के भाजपा जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक पाठक ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के द्वारा स्वयं भी इस दिवस को संकल्प दिवस के तौर पर मनाने का अनुरोध किया गया है। इसके बाद पूरा भाजपा परिवार इस दिन को संकल्प दिवस के तौर पर मना रहा है। जिले के कई स्थानों पर कई तरह के सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दिन के अंत में टनकपुर के शारदा घाट पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 48वां जन्मदिवस मसूरी में भी धूमधाम से मनाया गया।भाजपा मसूरी मंडल द्वारा उप जिला चिकित्सालय में मरीजों को मेडिकल किट बांटी गई और साथ ही मरीजों का हालचाल जाना गया.।मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दीर्घायु की कामना की।

उप जिला चिकित्सालय में मंत्री गणेश जोशी द्वारा उपलब्ध मेडिकल किट मरीजों को वितरित की गई है। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में बेरोजगारी और पलायन को रोकने के साथ लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत काम किया जा रहा है।

टिहरी पहुंच कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल

टिहरी जिले के प्रभारी और कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने थत्यूड़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री का जन्मदिन ब्लॉक सभागार में केक काटकर मनाया गया. इस मौके पर डॉ. अग्रवाल ने ब्लॉक कार्यालय प्रांगण में पौधारोपण भी किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में किया फल वितरण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को भाजपा संकल्प दिवस के रूप में मना रही है।इसी के तहत चमोली जिले के प्रभारी मंत्री व चिकित्सा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत कर्णप्रयाग पहुंचे।प्रभारी मंत्री के कर्णप्रयाग पहुंचने पर थराली और कर्णप्रयाग के विधायक सहित कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।जिसके बाद मंत्री ने कर्णप्रयाग ब्लाक सभागार में उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और सरकार की उपलब्धियां गिनाई। जिसके बाद उन्होंने कर्णप्रयाग उप जिला अस्पताल में जाकर मरीजों को फल भी बांटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *