पत्रकारों की रिपोर्टिंग में पुलिस हस्तक्षेप पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला, प्रेस की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाया

0
jagran-photo-1795292571294_m

पत्रकारों की रिपोर्टिंग में पुलिस हस्तक्षेप पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला, प्रेस की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाया

नई दिल्ली। पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर नेटवर्क ऑफ विमेन इन मीडिया, इंडिया (NWMI) ने सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। संस्था ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर पुलिस पत्रकारिता के काम में मनमाने ढंग से हस्तक्षेप नहीं कर सकती। पत्रकारों को रिपोर्टिंग से रोकना, जबरन हिरासत में लेना, उन पर हमला करना या उनका यौन उत्पीड़न करना उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।

संस्था ने आरोप लगाया कि अक्टूबर में दिल्ली में आयोजित विरोध प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को जबरन हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। ये प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चुनाव आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं को लेकर किए गए थे।

दिल्ली पुलिस की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जवाबी हलफनामे पर अपना प्रत्युत्तर दाखिल करते हुए संस्था ने कहा कि पत्रकारों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता, शारीरिक सुरक्षा, पेशे की आजादी और प्रेस की स्वतंत्रता संविधान के तहत संरक्षित अधिकार हैं। इन अधिकारों को कानून-व्यवस्था के नाम पर बाधित नहीं किया जा सकता।

संस्था ने अपनी दलील में कहा कि पत्रकारों को जोखिम भरी परिस्थितियों में भी स्वतंत्र रूप से रिपोर्टिंग करने का अवसर मिलना चाहिए। ऐसी परिस्थितियों में पुलिस की जिम्मेदारी पत्रकारों को घटनास्थल से हटाना नहीं, बल्कि उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपना पेशेवर दायित्व निभा सकें।

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने अपने हलफनामे में प्रेस की स्वतंत्रता को सर्वोच्च महत्व देने की बात कही थी। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के संदर्भ में पुलिस ने पत्रकारों और रील बनाने वालों के बीच अंतर का भी उल्लेख किया था। हालांकि, याचिकाकर्ता संस्था ने इस दलील पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसके जरिए पत्रकारों को रिपोर्टिंग से रोकने और हिरासत में लेने की कार्रवाई को उचित ठहराने का प्रयास किया गया है।

संस्था ने स्पष्ट किया कि उसकी आपत्ति पुलिस की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की शक्तियों को लेकर नहीं है, बल्कि इन शक्तियों के इस्तेमाल के दौरान संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1)(क), 19(1)(घ) और 21 के तहत मिले मौलिक अधिकारों की अनदेखी किए जाने को लेकर है।

याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट के 11 अक्टूबर के उस निर्देश का भी हवाला दिया, जिसमें वकीलों, पत्रकारों और अन्य पेशेवरों को उनके कामकाज में बाधा नहीं पहुंचाने की बात कही गई थी।

महिला पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए संस्था ने कहा कि रिपोर्टिंग के दौरान उनके साथ होने वाला यौन उत्पीड़न उनकी गरिमा और व्यक्तिगत सुरक्षा पर सीधा हमला है। इससे महिलाओं के भीतर भय का माहौल पैदा होता है और वे समान अवसरों के साथ स्वतंत्र रूप से पत्रकारिता करने से हतोत्साहित होती हैं।

संस्था ने सुप्रीम कोर्ट से पत्रकारों के मौलिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उन्हें मनमाने ढंग से रोके जाने, हिरासत में लेने, हमले और यौन उत्पीड़न जैसी घटनाओं से संरक्षण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *