श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा आयोजित ‘संस्कृत सप्ताह’ का समापन अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ
श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा आयोजित ‘संस्कृत सप्ताह’ का समापन अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ
ऋषिकेश।पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश, श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा दिनांक 6 से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित संस्कृत सप्ताह का समापन समारोह दिनांक 18 अगस्त 2025 को अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्कृत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रस्तुतियाँ दी गई। संस्कृत की सूक्तियों, सुभाषितों एवं श्लोकों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विभागीय शोध छात्र उद्धव ने संस्कृत दिवस, संस्कृत सप्ताह एवं संस्कृत माह के आयोजन पर प्रकाश डालते हुए संस्कृत भाषा के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख किया तथा वर्तमान में उसकी प्रासंगिकता एवं महत्ता पर प्रकाश डाला। छात्राएँ अंशिका एवं सुषमा ने पद्मश्री प्रो०अभिराज राजेन्द्र मिश्र द्वारा रचित संस्कृत कजरी गीत की सुमधुर प्रस्तुति दी।
समारोह का संचालन विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम पाठक ने किया। परिसर के प्रभारी निदेशक एवं कला संकायाध्यक्ष प्रो. प्रशान्त कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए उत्तराखण्ड सरकार द्वारा तेरह जनपदों में तेरह संस्कृत ग्रामों के चयन तथा संस्कृत संवर्द्धन हेतु किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला एवं संस्कृत विभाग के प्रयासों की सराहना की।
प्रो. अधीर कुमार ने संस्कृत को पुनः बोलचाल की भाषा के रूप में स्थापित करने के प्रयासों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा विद्यार्थियों को सक्रिय सहभागिता हेतु साधुवाद दिया।
इस अवसर पर प्रो. हेमलता मिश्रा, प्रो. संगीता मिश्रा, प्रो. अरुणा सूत्रधार एवं प्रो. मुक्तिनाथ यादव जैसे गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ तथा संस्कृत भाषा एवं संस्कृति के प्रति विद्यार्थियों में नई चेतना एवं प्रेरणा का संचार हुआ।

