UPCL, UJVNL के MD सहित पिटकुल ने विद्युत कर्मियों से की धरना स्थगित करने की अपील
UPCL, UJVNL के MD सहित पिटकुल ने विद्युत कर्मियों से की धरना स्थगित करने की अपील
देहरादून। आज उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा की ऊर्जा के तीनों निगमों के प्रबंधन के साथ 19 सूत्रीय समस्या पत्र पर वार्ता संपन्न हुई।
आज की वार्ता में प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड इंजीनियर अजय कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड इंजीनियर जीएस बुदियाल, निदेशक मानव संसाधन पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड श्री पी सी ध्यानी, निदेशक परियोजना जल विद्युत निगम सुरेश चंद्र बलूनी एवं अधिशासी निदेशक मानव संसाधन उपस्थित रहे।
मोर्चा की ओर से मोर्चा के अध्यक्ष वाई एस तोमर, संयोजक इंसारूल हक, सहसंयोजक प्रदीप कंसल, राजवीर सिंह, घटक संघो के अध्यक्ष महासचिव श्री सुनील तंवर, पंकज सैनी, बीरबल सिंह, सुनील मोगा, विनोद कवि, चित्र सिंह, एचएस रावत, सौरभ पांडे, केहर सिंह, देवेंद्र शर्मा, डीएस नेगी, राकेश शर्मा, अमित रंजन, बृजेश यादव, भानु प्रकाश जोशी, संजय राणा, आदि उपस्थित रहे।
आज कीवार्ता में सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा जल विद्युत निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने कर्मचारियों से आंदोलन को स्थगित करने की मौखिक अपील की।
किंतु प्रबंधन की ओर से किसी भी समस्या पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। यमुना परियोजना भूमि हस्तांतरण के विषय में प्रबंधन ने कोई आश्वासन नहीं दिया।वार्ता के बाद मोर्चा की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई जिसमें सभी पदाधिकारी प्रबंधन के द्वारा अवगत कराई गई सूचनाओं से संतुष्ट नहीं थे। मोर्चा का मत था कि विगत 4 वर्ष से समस्याओं का कोई समाधान नहीं हुआ और वार्ता इतने समय के बाद करने पर भी किसी विषय पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।
मोर्चा ने स्पष्ट कर दिया यमुना परियोजना भूमि हस्तांतरण का शासन आदेश निरस्त किया जाए, इसके अतिरिक्त 19 सूत्रीय समस्या पत्र में जो समस्याएं वर्ष 2020-21 से लंबीत चल रही है उन पर भी आदेश निर्गत किए जाएं।मोर्चा की सभा में वर्तमान में आंदोलन को यथावत निरंतर रखने की सहमति बनी।
अगले चरण में दिनांक 27 मार्च 2026 को उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन मुख्यालय पर सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा दिनांक 6 मार्च 2026 को उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड पर प्रातः 11 से 3:00 तक सत्याग्रह तथा 3:00 से रैली का आयोजन उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन मुख्यालय तक किया जाएगा।
समस्याओं का समाधान न होने पर 7 मार्च 2026 की प्रथम पाली से समस्त कर्मचारी पूर्ण हड़ताल पर चले जाएंगे।


