कोटद्वार केंद्रीय विद्यालय पहुंची जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया
कोटद्वार केंद्रीय विद्यालय पहुंची जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया
पढ़ाई के साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विशेष जोर: जिलाधिकारी
बच्चों के सपनों से संवाद, सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तक, केंद्रीय विद्यालय में स्थापित होगा प्ले एरिया
बच्चों की सुरक्षा तथा सहूलियत पर जिलाधिकारी का फोकस, प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे तथा इनवर्टर
कोटद्वार।जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कोटद्वार के किशनपुरी स्थित केंद्रीय विद्यालय में प्रबंधन समिति की पहली बैठक आयोजित की गयी। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संसाधनों की उपलब्धता, व्यवस्थाओं की स्थिति एवं भावी आवश्यकताओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विद्यालय को एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जा सके।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने छोटे बच्चों से उनके सपनों और करियर लक्ष्यों पर भी चर्चा की, जिस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों की जिज्ञासा और उमंग से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने उन्हें खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रहने के साथ बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में कक्षा 1 से 6 तक नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या, कक्षाकक्षों तथा शिक्षकों की उपलब्धता, कार्यालय, शौचालय, बैठक कक्ष सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र भरा जाए, जिससे शिक्षण कार्य में निरंतरता एवं गुणवत्ता बनी रहे।
प्रबंधन समिति की बैठक के दौरान नामांकन बढ़ाने, शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा संसाधनों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

