रेलवे क्रॉसिंग की बदहाल सड़क पर भड़के कुमाऊँ आयुक्त, तत्काल मरम्मत के दिए सख्त निर्देश
रेलवे क्रॉसिंग की बदहाल सड़क पर भड़के कुमाऊँ आयुक्त, तत्काल मरम्मत के दिए सख्त निर्देश
हल्द्वानी।कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शुक्रवार को हल्द्वानी-रुद्रपुर स्टेट हाईवे का निरीक्षण किया। इस दौरान टांडा रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर सड़क की खराब स्थिति और गहरे गड्ढों को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद ब्रिडकुल अधिकारियों से जानकारी लेने पर बताया गया कि हाईवे पर हॉटमिक्स का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन रेलवे क्रॉसिंग वाले हिस्से में गड्ढों की मरम्मत रेलवे विभाग को करनी है, जो अब तक नहीं हो पाई है।
इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए कि रेलवे से अनापत्ति (NOC) लेकर तुरंत गड्ढों को भरने और सड़क को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि टांडा रेलवे क्रॉसिंग मार्ग की खराब स्थिति के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। ऐसे में मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक संदीप सिंह रावत ने बताया कि हाईवे का हॉटमिक्स कार्य पूरा हो चुका है और सड़क जल्द ही लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। वहीं, रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य रेलवे द्वारा किया जाना है, लेकिन अभी तक ठेकेदार का चयन नहीं हो सका है।
आयुक्त दीपक रावत ने निर्देश दिए कि सड़क का हस्तांतरण शीघ्र पूरा किया जाए और रेलवे से समन्वय स्थापित कर क्रॉसिंग के पास सड़क को तत्काल ठीक कराया जाए। साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल को भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

