उत्तराखंड को स्किल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मुख्य सचिव ने दिए एकीकृत डैशबोर्ड बनाने के निर्देश
Oplus_16908288
उत्तराखंड को स्किल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मुख्य सचिव ने दिए एकीकृत डैशबोर्ड बनाने के निर्देश
उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
देहरादून।मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में कौशल विकास एवं रोजगार से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कौशल विकास योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार एवं प्लेसमेंट की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं की रुचि और स्थानीय रोजगार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास से जुड़े सभी विभाग एक साझा मंच पर कार्य करें, जिससे युवाओं को विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। प्रदेश को ‘स्किल हब’ के रूप में विकसित करने के लिए उन्होंने सचिव, कौशल विकास को सेतु आयोग की राय लेते हुए सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से एक समग्र डैशबोर्ड तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव, कौशल विकास एवं सेवायोजन श्री सी. रविशंकर ने बताया कि समग्र कौशल विकास के लिए स्कूल, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभागों के सहयोग से उद्योगों के मानकों के अनुरूप आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 119 आईटीआई संचालित हैं, जिनमें से 90 आईटीआई को पोर्टल पर मैप किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के माध्यम से वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, भाषा दक्षता और अन्य आवश्यक कौशल उपलब्ध कराने हेतु तीन एजेंसियों से वार्ता की गई है। साथ ही, रोजगार प्रयाग पोर्टल पर निजी नियोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है। अब तक 162 निजी नियोक्ताओं को इस पोर्टल से जोड़ा जा चुका है।बैठक में सेवायोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
