अवकाश के दिन भी काम पर यूपीसीएल के एमडी पी.सी. ध्यानी

0
448-252-21817943-thumbnail-16x9-pic-n

अवकाश के दिन भी काम पर यूपीसीएल के एमडी पी.सी. ध्यानी

रुड़की विद्युत वितरण मंडल की उपखंड स्तर तक समीक्षा, एडीबी परियोजना के कार्यों की भी परखी प्रगति

देहरादून। उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने अवकाश के दिन शनिवार को भी विभागीय कार्यों की व्यापक समीक्षा की। 8 अगस्त 2026 को उन्होंने विद्युत वितरण मंडल रुड़की की उपखंड स्तर तक विद्युत व्यवस्था, राजस्व संग्रहण, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण और परिचालन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही देहरादून में एडीबी परियोजना के तहत विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण कार्यों की प्रगति भी परखी।

समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता हरिद्वार शेखर त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता हरिद्वार विवेक राजपूत सहित अधिशासी अभियंता व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहे, जबकि उपखंड अधिकारियों एवं अवर अभियंताओं ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया।

राजस्व प्रगति 55 प्रतिशत पर जताई नाराजगी

एमडी पी.सी. ध्यानी ने खंड एवं उपखंडवार राजस्व प्राप्ति की समीक्षा करते हुए जुलाई तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष महज 55 प्रतिशत प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई में तेजी लाने और विद्युत चोरी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि यूपीसीएल की बिलिंग दक्षता इस वर्ष हर हाल में 90 प्रतिशत से अधिक रखी जानी है। इसके लिए क्षेत्रीय अभियंताओं एवं कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और मनोयोग से कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में निगम को लाभ अर्जित करने वाला निगम बनाने के लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।
नए कनेक्शन में देरी पर सख्ती

उपभोक्ता सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एमडी ने लंबित नए विद्युत संयोजनों और उनसे संबंधित विलंब पेनल्टी की स्थिति पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि नए विद्युत संयोजन निर्धारित समयसीमा के भीतर स्मार्ट मीटर के माध्यम से जारी किए जाएं।

उन्होंने निदेशक, वितरण एवं परियोजना को निर्देशित किया कि नए संयोजन जारी करने में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाए और नियमानुसार पेनल्टी की धनराशि संबंधित जिम्मेदार पक्ष अथवा एएमआईएसपी से वसूल की जाए।

शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण जरूरी

एमडी ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ ही सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता मानकों और सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।

अवकाश के दिन भी लगातार विभागीय समीक्षा बैठकें कर रहे एमडी पी.सी. ध्यानी की कार्यशैली यूपीसीएल की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने, कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *