यमुना घाटी में विद्युत डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की आमसभा, जेई संवर्ग की समस्याओं पर मंथन

0
IMG-20260813-WA0036

यमुना घाटी में विद्युत डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की आमसभा, जेई संवर्ग की समस्याओं पर मंथन

डाकपत्थर। विद्युत डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की यमुना घाटी इकाई की आमसभा गुरुवार को डाकपत्थर में आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता परियोजना अध्यक्ष इंजीनियर मनजीत सिंह तोमर ने की, जबकि संचालन परियोजना सचिव इंजीनियर राजेश चंद्र तिवारी ने किया। बैठक में यमुना घाटी में कार्यरत अवर अभियंता एवं सहायक अभियंता शामिल हुए।

बैठक में ऊर्जा निगम में अवर अभियंता संवर्ग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने वर्ष 2020 के बाद नियुक्त कार्मिकों को विद्युत टैरिफ सुविधा दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके साथ ही सातवें वेतन आयोग में अवर अभियंताओं को नियुक्ति के समय पूर्व की व्यवस्था की तरह 1 जनवरी 2016 से दो वेतन वृद्धि का लाभ देने की मांग की गई।

एसोसिएशन ने अवर अभियंताओं के सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति कोटे को अन्य अभियंत्रण विभागों की तर्ज पर 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किए जाने की मांग भी रखी। वहीं, डिग्रीधारी अवर अभियंताओं के लिए पदों का कोटा 8.33 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग की गई।

सभा में वेतन वृद्धि समेत अन्य विषयों पर नए प्रबंध निदेशक की ओर से की गई सकारात्मक कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि 10 मार्च को उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ की मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदोन्नति कोटा बढ़ाने और वर्ष 2005 तक की पेंशन से संबंधित विषयों पर निदेशक मंडल के माध्यम से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इन मामलों में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

सभा में अरुण कुमार, प्रदीप प्रकाश शर्मा, नीरज तिवाड़ी, जियाउर रहमान, रमेश जोशी, अरविंद बहुगुणा, रितु पुलकित, रिंकी तोमर, पंकज सैनी, भानु प्रकाश जोशी, विवेक कुमार, रूपेश कुमार, स्वतंत्र कुमार, सुखवीर सिंह, साक्षी चौहान, सुप्रिया बडोनी, सीमा रानी, नेहा तोमर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed