देहरादून में नलकूपों से विद्युत उपकरण चोरी की बढ़ती घटनाओं से पेयजल निगम चिंतित, SSP से सुरक्षा की मांग
Oplus_16908288
देहरादून में नलकूपों से विद्युत उपकरण चोरी की बढ़ती घटनाओं से पेयजल निगम चिंतित, SSP से सुरक्षा की मांग
देहरादून। जनपद देहरादून में पेयजल आपूर्ति के लिए संचालित नलकूपों से विद्युत एवं यांत्रिक उपकरणों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने उत्तराखण्ड पेयजल निगम की चिंता बढ़ा दी है। चोरी के कारण कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है, जबकि निगम को राजस्व हानि के साथ-साथ जान-माल के नुकसान का भी खतरा बना हुआ है।
पेयजल निगम की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि पिछले एक वर्ष के दौरान जनपद के विभिन्न नलकूपों में विद्युत यांत्रिक उपकरण चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें अजबपुर, किरसाली, उदय विहार, झाझरा, शंकरबाग, सहसपुर, केदारवाला, सेवालाकला, चंद्रबनी गौतम कुंड, बनियावाला, कूरी, वन विहार, बद्रीपुर-इन्द्रपुर और मैत्री विहार नलकूप पेयजल योजनाएं शामिल हैं।
निगम के अनुसार 11 अगस्त की सुबह झाझरा नलकूप पेयजल योजना, 13 अगस्त की रात सोड़ा सरोली नलकूप पेयजल योजना और 16 अगस्त की रात मैत्री विहार नलकूप पेयजल योजना में अज्ञात लोगों ने विद्युत यांत्रिक उपकरण चोरी कर लिए। इन घटनाओं के चलते संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई।
पत्र में कहा गया है कि नलकूपों से विद्युत सामग्री चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पेयजल योजनाओं का संचालन प्रभावित होने के साथ निगम को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। आबादी के बीच स्थित नलकूपों में चोरी की घटनाओं से भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
पेयजल निगम ने एसएसपी से अनुरोध किया है कि नलकूपों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि नलकूपों से उपकरण चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग सके और पेयजल योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से जारी रखा जा सके।
