UPCL की निविदा में स्थानीय ठेकेदारों की एंट्री का रास्ता साफ होगा? मुख्य अभियंता ने निदेशक को भेजा पत्र
UPCL की निविदा में स्थानीय ठेकेदारों की एंट्री का रास्ता साफ होगा? मुख्य अभियंता ने निदेशक को भेजा पत्र
स्थानीय विद्युत ठेकेदारों को काम का अवसर देने की मांग, UPCL में पहुंचा मामला
ई-निविदा की अव्यावहारिक शर्तों में संशोधन को लेकर मुख्य अभियंता ने निदेशक को भेजा पत्र
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) में स्थानीय विद्युत ठेकेदारों को कार्य के पर्याप्त अवसर दिए जाने का मामला अब उच्च स्तर तक पहुंच गया है। ई-निविदा संख्या CCP.11/10/2026-27 की कुछ शर्तों को अव्यावहारिक बताते हुए उनमें संशोधन की मांग की गई है।
इस संबंध में केंद्रीय महामंत्री यूकेडी सुशील उनियाल की ओर से 18 अगस्त 2026 को प्रबंध निदेशक, UPCL को संबोधित पत्र मुख्य अभियंता (वितरण), कुमाऊं क्षेत्र हल्द्वानी को प्राप्त हुआ था। मुख्य अभियंता आर.एस. गुंज्याल ने उक्त पत्र को मूल रूप में निदेशक (वितरण एवं परियोजना), UPCL को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
पत्र में प्रमुख रूप से स्थानीय विद्युत ठेकेदारों को निविदा प्रक्रिया में अवसर उपलब्ध कराने और ऐसी शर्तों में संशोधन की मांग उठाई गई है, जिनके कारण स्थानीय ठेकेदारों के लिए कार्य हासिल करना मुश्किल हो सकता है। मामले को “उत्तराखण्ड के लोगों को उत्तराखण्ड में ही काम नहीं मिलेगा तो कहां मिलेगा?” सवाल के साथ उठाया गया है।
मुख्य अभियंता कार्यालय से निदेशक को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सुशील उनियाल द्वारा प्रेषित पत्र को आवश्यक कार्रवाई के लिए संलग्न किया जा रहा है। इस पत्राचार के बाद अब निगाहें UPCL के उच्च अधिकारियों पर टिकी हैं कि ई-निविदा की शर्तों में स्थानीय ठेकेदारों के हित में कोई संशोधन किया जाता है या नहीं।
स्थानीय ठेकेदारों का कहना है कि सरकारी कार्यों में स्थानीय स्तर पर लंबे समय से कार्य कर रहे योग्य एवं अनुभवी विद्युत ठेकेदारों को पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। उनका तर्क है कि निविदाओं की शर्तें ऐसी हों, जिससे प्रतिस्पर्धा बनी रहे और स्थानीय उद्यमियों को भी रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर प्राप्त हो सकें।

