मुख्यमंत्री की पहल से लोहियाहेड के 8 वर्षीय देव के इलाज की राह आसान,सरकार उठाएगी पूरा खर्च
मुख्यमंत्री की पहल से लोहियाहेड के 8 वर्षीय देव के इलाज की राह आसान,सरकार उठाएगी पूरा खर्च
रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे सीएम धामी
बेटे की बीमारी की जानकारी मिलने पर तत्काल दिए उपचार के निर्देश
खटीमा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के 8 वर्षीय पुत्र देव के उपचार की राह आसान हो गई है। बच्चे की गंभीर स्वास्थ्य समस्या की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने उसके समुचित उपचार की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और इलाज में आने वाला पूरा खर्च वहन करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, गत दिवस मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने टिक्की खाई। बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने 8 वर्षीय बेटे देव की बीमारी के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। उसका लंबे समय से उपचार चल रहा है तथा देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी इलाज कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी श्री तुषार सैनी सहित चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंची। ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एचएस ऐरी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उसकी मेडिकल हिस्ट्री और पूर्व में कराए गए उपचार की जानकारी ली।
चिकित्सकों ने बच्चे की वर्तमान स्थिति का आकलन करने के बाद आगे के उपचार के लिए सबसे पहले एमआरआई जांच कराने की सलाह दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एमआरआई जांच तत्काल कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बच्चे के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस पहल से देव के परिवार को उसके बेहतर इलाज की नई उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए उनकी मानवीय पहल के लिए धन्यवाद दिया।
