ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम सख्त
ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम सख्त
पौड़ी।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की प्रगति तथा डबल लॉक प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता व रिकॉर्ड उचित पाए गए।
जिलाधिकारी ने आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने, सीसीटीवी कैमरे हर समय क्रियाशील रखने तथा सुरक्षा उपकरणों और अग्निशमन यंत्रों का नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम-वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण, डबल लॉक प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, अधिशासी अभियंता लोनिवि रीना नेगी सहित भाजपा से राजेन्द्र सिंह रावत, कांग्रेस से मनमोहन सिंह रावत तथा भाकपा से सुरेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।
