मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए दी ₹86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

0
FB_IMG_1787998961790

मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए दी ₹86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब ₹86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, घंटाघर निर्माण तथा पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के वेतन-भत्तों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।

जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ में न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल तक संपर्क सीसी रैलिंग मार्ग के निर्माण के लिए ₹49.64 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड ताड़ीखेत में विभिन्न प्राचीन एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹3.34 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।

देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र स्थित अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए ₹97 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में वेतन-भत्ते आदि के लिए स्वीकृत ₹150 करोड़ के सापेक्ष द्वितीय किस्त के रूप में ₹80 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

वहीं चमोली के थराली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं धर्मशाला के अवशेष कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। इनमें ध्योसिंह धाम मंदिर के लिए ₹19.56 लाख, गोरिया राजा मंदिर के लिए ₹9.93 लाख, मां गिरिजा भवानी मंदिर के पास धर्मशाला के अवशेष कार्य के लिए ₹33.72 लाख, मींगेश्वर मंदिर के लिए ₹20.24 लाख तथा कौब के महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.62 लाख शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से विभिन्न जिलों में सड़क, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *