श्यामपुर और भट्टोवाला फाटक पर बनेंगे ₹250 करोड़ के आरओबी, ऋषिकेश को जाम से मिलेगी राहत
श्यामपुर और भट्टोवाला फाटक पर बनेंगे ₹250 करोड़ के आरओबी, ऋषिकेश को जाम से मिलेगी राहत
ऋषिकेश। आज ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और आगामी विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि श्यामपुर फाटक और भट्टोवाला फाटक पर करीब ₹250 करोड़ की लागत से रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
इन दोनों आरओबी के बनने से क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी। विशेष रूप से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तैयार होने के बाद संभावित बढ़ते यातायात को देखते हुए दोनों आरओबी भविष्य की जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होंगे।
बैठक में यह भी बताया गया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने भी पूर्व में रखी गई इस मांग का उल्लेख करते हुए प्रस्ताव को जल्द तैयार किए जाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही है।
आरओबी के निर्माण से ऋषिकेश की जनता के साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी यातायात जाम से राहत मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।
