जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने CM धामी से की मुलाकात
जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने CM धामी से की मुलाकात
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को शासकीय आवास पर जिला सहकारी बैंक के चुनाव में विजयी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी जीत से अवगत कराते हुए उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने सभी विजयी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चुनाव में मिली जीत जनता और प्रतिनिधियों के विश्वास का प्रतीक है। इसके साथ नई जिम्मेदारी भी जुड़ी है। उन्होंने पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करने की अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और आर्थिक अवसरों का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपने अनुभव और ऊर्जा का उपयोग करते हुए बैंक की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें मिली जिम्मेदारी का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक उत्तरकाशी की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा राणा, उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह चंद, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतेंद्र राणा, नवनिर्वाचित निदेशक जगमोहन राणा तथा भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान उपस्थित रहे।
