देवप्रयाग के टॉपर छात्रों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, बोले- मेहनत का कोई विकल्प नहीं
देवप्रयाग के टॉपर छात्रों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, बोले- मेहनत का कोई विकल्प नहीं
देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों ने विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में सचिवालय पहुंचकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मुलाकात की। विद्यार्थी भारत भ्रमण पर निकले हैं। इस दौरान मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें पढ़ाई, तकनीक और जीवन में आगे बढ़ने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। विद्यार्थियों को लगातार सीखते हुए अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा केवल अपने क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों से है।
उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक और मोबाइल फोन का सदुपयोग करने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी परेशानी या गलती की स्थिति में माता-पिता, शिक्षकों और भरोसेमंद लोगों से बातचीत जरूर करनी चाहिए।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और मित्रों का चयन सोच-समझकर करने की भी सलाह दी। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेल, संगीत या अपनी रुचि की अन्य गतिविधियों को समय देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भारत भ्रमण विद्यार्थियों के लिए नई जगहों, संस्कृतियों और लोगों को समझने का अच्छा अवसर है। विद्यार्थियों को इस यात्रा के दौरान नए अनुभव हासिल करने और उन्हें यादों के रूप में संजोने की सलाह दी।
मुख्य सचिव ने विधायक विनोद कंडारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल अन्य क्षेत्रों में भी शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी विद्यार्थियों को भारत भ्रमण कराने के लिए प्रयास कर रही है।
