फीस के अभाव में 10वीं की परीक्षा से वंचित रुद्र प्रताप को मिला प्रशासन का सहारा

0
FB_IMG_1789701526913

फीस के अभाव में 10वीं की परीक्षा से वंचित रुद्र प्रताप को मिला प्रशासन का सहारा

देहरादून।देहरादून में पारिवारिक और आर्थिक संकट के चलते शिक्षा से दूर हुए रुद्र प्रताप नेगी की मदद के लिए जिला प्रशासन आगे आया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर बाल कल्याण समिति की जांच के बाद रुद्र प्रताप की सुरक्षा, पुनर्वास और शिक्षा की व्यवस्था की गई।

बताया गया कि मां की मृत्यु के बाद उसके पिता नशे की गिरफ्त में चले गए, जिसके बाद परिवार में परिस्थितियां बिगड़ती चली गईं। आर्थिक तंगी और पारिवारिक प्रताड़ना के कारण रुद्र प्रताप स्कूल की फीस जमा नहीं कर सका और 10वीं की परीक्षा से भी वंचित रह गया।

पुश्तैनी मकान बिक जाने के बाद उसके सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई थी। इसके बाद रुद्र प्रताप ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।

मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने बाल कल्याण समिति को जांच के निर्देश दिए। रिपोर्ट के आधार पर रुद्र प्रताप को बाल गृह में शिफ्ट कराया गया और पूर्व विद्यालय से टीसी की प्रक्रिया पूरी कराकर गुरु राम राय स्कूल में उसका दाखिला कराया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को उसकी शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि विषम परिस्थितियों में रह रहे बच्चों को आवश्यक संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *