पदोन्नति के एक माह बाद भी जल संस्थान के अभियंताओं को तैनाती का इंतजार
पदोन्नति के एक माह बाद भी जल संस्थान के अभियंताओं को तैनाती का इंतजार
देहरादून। उत्तराखंड जल संस्थान में अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता के पदों पर पदोन्नति हुए करीब एक माह का समय होने जा रहा है, लेकिन पदोन्नत अभियंताओं को अब तक नई तैनाती नहीं मिल पाई है। शासन स्तर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पदोन्नति पाने वाले अभियंताओं को प्रदेश के किन-किन डिवीजनों में तैनाती दी जाएगी।
जल संस्थान में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया के बाद सितंबर माह में 26 अभियंताओं को पदोन्नति दिए जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बावजूद पदोन्नत अभियंताओं की तैनाती को लेकर शासनादेश जारी नहीं होने से विभाग में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
वर्तमान में जल संस्थान के कई मंडलों और खंडों में अधीक्षण अभियंता तथा अधिशासी अभियंता के पदों पर नियमित अधिकारियों के स्थान पर प्रभारी व्यवस्था चल रही है। जल संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर भी कई अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंताओं के पदों पर प्रभारी अधिकारियों की तैनाती दर्ज है।
ऐसे में पदोन्नत अभियंताओं को जल्द तैनाती मिलने से विभागीय कामकाज में स्थायित्व आने की उम्मीद है। वहीं, अभियंताओं के बीच भी शासन के तैनाती आदेश का इंतजार बना हुआ है। अब देखना होगा कि शासन पदोन्नत अधिकारियों की तैनाती को लेकर आदेश कब तक जारी करता है।

