देहरादून में MDDA का बड़ा एक्शन, 5 जगह सीलिंग; आवासीय कॉलोनियों में अवैध कारोबार पर कार्रवाई

0
FB_IMG_1792607886827

देहरादून में MDDA का बड़ा एक्शन, 5 जगह सीलिंग; आवासीय कॉलोनियों में अवैध कारोबार पर कार्रवाई

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में चला अभियान, बिना नक्शे दुकानों के निर्माण और नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों पर कसा शिकंजा

देहरादून।राजधानी देहरादून में अवैध निर्माण और आवासीय भवनों में नियमों के विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने सख्ती बढ़ा दी है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर पांच मामलों में सीलिंग की कार्रवाई की। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की गई।

MDDA की इस कार्रवाई के तहत बिना स्वीकृत मानचित्र के दुकानें बनाने, आवासीय परिसरों का व्यावसायिक इस्तेमाल करने और स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण करने के मामलों में कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इंजीनियर इन्क्लेव में तीन परिसरों पर कार्रवाई

प्रवर्तन टीम ने इंजीनियर इन्क्लेव फेस-1 में तीन मामलों में सीलिंग की। यहां कृष्णा डेयरी के नाम से आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इसी क्षेत्र में रोहित विशाल द्वारा भी व्यावसायिक दुकान संचालित किए जाने पर कार्रवाई की गई।

इसके अलावा, एक अन्य आवासीय परिसर में बिना स्वीकृति निर्माण में बदलाव और विस्तार कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने का मामला सामने आया। प्राधिकरण ने संबंधित परिसर को भी सील कर दिया।

बिना नक्शे बन रही थीं दो दुकानें

ईस्ट होप टाउन के लक्ष्मीपुर क्षेत्र में मयूर द्वारा MDDA से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना दो व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन पर प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया।

महिमा इन्क्लेव में हॉस्टल निर्माण सील

महिमा इन्क्लेव, लेन नंबर-2, केहरी गांव में कुन्दन सिंह द्वारा स्टिल्ट सहित तीन मंजिलों पर हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा था। MDDA के अनुसार, निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप नहीं था और भवन के उपयोग में भी बदलाव किया गया था। इसके चलते संबंधित निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

बंशीधर तिवारी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और नियमों के विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित करते हुए उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मोहन सिंह बर्निया ने बढ़ाई निगरानी

MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने प्रवर्तन टीमों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने भवन स्वामियों से स्वीकृत नक्शे और भू-उपयोग नियमों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *