उत्तराखंड में मतदाता सूची की होगी गहन जांच, 20 से 27 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
उत्तराखंड में मतदाता सूची की होगी गहन जांच, 20 से 27 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
बीएलओ घर-घर और बूथ स्तर पर करेंगे मतदाता विवरण का सत्यापन, एक से अधिक जगह दर्ज नामों पर भी होगी कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अपडेट करने के लिए निर्वाचन विभाग 20 से 27 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाने जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे और नाम, पता, आयु सहित अन्य विवरणों में पाई जाने वाली गलतियों को दुरुस्त कराने की कार्रवाई करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, गलत विवरण में संशोधन कराने और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। नए मतदाता नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भर सकते हैं।
विशेष अभियान के दौरान ऐसे मतदाताओं की भी पहचान की जाएगी, जिनके नाम एक ही बूथ या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज हैं। नियमों के अनुसार अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की जांच जरूर करें। किसी भी तरह की गलती मिलने पर निर्धारित समय में संबंधित बीएलओ के पास फार्म-8 जमा कराएं। वहीं, जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से बचने तथा निर्वाचन संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील भी की।
यहां देख सकते हैं मतदाता सूची: 12 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर भी अपना नाम और विवरण ऑनलाइन जांच सकते हैं।

